देश की मशहूर कार निर्मता कंपनी महिंद्रा ने अपनी पॉपुलर एसयूवी Mahindra XUV500 के बेस W3 वेरिएंट को भारतीय बाज़ार में उतारा है। इस बेस W3 वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 12.28 लाख रुपये रखी गई है। बताया जा रहा है कि कंपनी ने ऐसा Tata Harrier के बेस वेरिएंट को टक्कर देने के लिए किया है।
Mahindra XUV500 W3 की कीमत W5 वेरिएंट से करीब 57,474 रुपये कम है। Mahindra XUV500 W5 वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 12.85 लाख रुपये है। इस बेस वेरिएंट में कंपनी ने कई सारे फीचर्स नहीं दिए हैं।
महिंद्रा एक्सयूवी 500 W3 वेरिएंट में एलईडी डे-टाइम रनिंग लाइट और एलॉय व्हील जैसे फीचर्स नहीं दिए गए हैं। फ्रंट ग्रिल में क्रोम की जगह ग्रे फिनिश दिया गया है। इस वेरिएंट में 17-इंच का स्टील व्हील लगाया गया है जिसमें हब कैप्स भी नहीं लगे। ये एसयूवी दिखने में बहुत बेसिक नज़र आती है। इंटीरियर में भी कई कमियां की गई हैं और सॉफ्ट-टच मैटेरियल का इस्तेमाल नहीं किया गया है।
महिंद्रा एक्सयूवी 500 W3 में प्रोजेक्टर हेडलाइट, फ्रंट और रियर पावर विंडो, इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल ORVM, सेंट्रल लॉकिंग, फ्रंट और रियर एयर कंडिशनिंग जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
Mahindra XUV500 W3 - इंजन स्पेसिफिकेशन
इस दमदार एसयूवी में 2.2-लीटर mHawk, 4-सिलिंडर टर्बोचार्ज्ड डीज़ल इंजन लगा है जो 157.15PS का पावर और 360Nm का टॉर्क देता है। इस इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स लगाया गया है। साथ ही इसे माइल्ड-हाइब्रिड सिस्टम से भी लैस किया गया है।
अब Mahindra XUV500 W3 का सीधा मुकाबला Tata Harrier के बेस XE वेरिएंट से है जिसकी दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 12.71 लाख रुपये रखी गई है।